जींद। छात्राओं को तकनीकी शिक्षा में दक्ष बनाने के लिए सरकार ने पहल शुरू कर दी है। इसमें छात्राओं को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत छात्राओं को महिला दिवस पर 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे छात्राओं की रुचि तकनीकी शिक्षा की तरफ बढ़ेगी। इससे प्रदेश में छात्राएं हर क्षेत्र में दक्ष होंगी।
आईटीआई में भी दाखिला प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 जून से शुरू हो चुका है। तकनीकी शिक्षा में छात्राएं दक्ष हों और अधिक से अधिक आईटीआई में दाखिला लें, इसके लिए प्रोत्साहन राशि शुरू की गई है। इसके अलावा जो छात्राएं आईटीआई में दाखिला लेंगी उनके लिए बस सेवा निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इस बार जिले में 12वीं की परीक्षा में सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड में साढ़े 16 हजार से अधिक विद्यार्थी पास हुए हैं। इसी तरह दसवीं कक्षा से भी 18 हजार से अधिक छात्र पास हुए हैं। ऐसे में आईटीआई में दाखिले को लेकर भी मारामारी रहेगी। मेरिट लिस्ट भी ऊंची रहने की संभावना है। जिले में सरकारी आईटीआई में सीटों की संख्या 2688 तो निजी में है 2556 हैं। ऐसे में कुल 5244 सीटों पर दाखिले के लिए छात्र आवेदन करेंगे। इसमें अधिक छात्राएं आवेदन कर दाखिला लें, इसके लिए प्रोत्साहन राशि की जानकारी दाखिला प्रक्रिया पूरी होने से पहले दी गई है।
यह दस्तावेज होंगे जरूरी
आईटीआई में दाखिले के लिए विद्यार्थी के पास अपना आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, ई-मेल आईडी, बैंक खाता संख्या, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, नवीनतम फोटो, हरियाणा के स्थायी निवासी का प्रमाणपत्र होना जरूरी है। ऑनलाइन दाखिला आवेदन पत्र में प्रार्थी अपनी योग्यता अनुसार व्यवसाय व संस्थान के विकल्प भर सकता है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 जून है।
महिला दिवस पर 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी
आईटीआई में दाखिला लेने वाली छात्राओं के लिए सरकार ने प्रोत्साहन राशि देने की पहल शुरू की है। दाखिला प्रक्रिया सभी आईटीआई में शुरू हो चुके हैं। आईटीआई में दाखिला लेने वाली छात्राओं को मुफ्त बस सुविधा और महिला दिवस पर 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
08जेएनडी15: कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई का फोटो। संवाद