संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सिंधवी खेड़ा तथा खरकरामजी के बीच 13 मार्च की रात युवक से गाड़ी लूटने के पांच आरोपियों को सीआईए जींद ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जैजैवंती निवासी प्रवीण, तलोडा निवासी अजय, चरखी दादरी के गांव पंचगांव निवासी महेश और भिवानी जिला के गांव ढाणी सूरजा निवासी सुनील के तौर पर हुई है जबकि एक आरोपी नाबालिग है।
पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर उनसे लूटी गई कार, मोबाइल फोन, नकदी और कागजात बरामद कर लिए हैं। रिमांड पूरा होने के बाद आरोपियों को जिला जेल भेज दिया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है। खरकरामजी निवासी नरेश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 13 मार्च रात को जींद शहर से अपनी आई 20 गाड़ी से घर वापस लौट रहा था। जब वह गांव सिंधवी खेड़ा तथा खरकरामजी के बीच पहुंचा तो डंडे तथा लाठियों से लैस गाड़ी सवार चार युवकों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद नकाबपोश उसकी गाड़ी छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद नरेश ने घटना की सूचना परिजनों तथा सदर पुलिस को दी थी। सदर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गाड़ी लूटने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वर्जन
युवक से गाड़ी लूटने के पांच आरोपियों को काबू किया है उनमें एक आरोपी नाबालिग है। आरोपियों से रिमांड के दौरान कार, नगदी, मोबाइल फोन सहित अन्य कागजात बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया है जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया।
अशोक कुमार, सीआईए जींद।