नरवाना। उझाना गांव में बच्चों में खेलते समय हुए मामूली कहासुनी से उनके घरवालों के बीच झगड़ा हो गया। गढ़ी थाना पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बुगा हेड़ी गांव निवासी बिंटू ने गढ़ी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक मई शाम को मोहन और राममेहर के बच्चों के बीच खेलते हुए झगड़ा हो गया। इसके बाद उसके साले मोहन तथा उसकी पत्नी पूजा दोनों उलहाना देने चले गए। फिर उझाना निवासी राममेहर, कुलदीप और शेरा ने पूजा तथा मोहन को कहा कि वह अपने बच्चों को समझा लेंगे लेकिन तभी वहां पर सोहन, गुरूदेव और रामेश्वर घर आ गए। इसके बाद राममेहर, शेरा, कुलदीप ने पिंकी, सोहन और गुरुदेव के साथ मारपीट की, जिससे उनको गंभीर चोटें आई। उन तीनों को परिजन इलाज के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना लेकर आए। इलाज करवाने के बाद जब वह गांव पहुंचे तो राममेहर, कुलदीप और शेरा ने फिर मारपीट की। उनके द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिन्हें देखकर हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। गढ़ी थाना पुलिस ने राममेहर, कुलदीप और शेरा के खिलाफ मारपीट करने तथा धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।