जींद। केंद्र सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में शुक्रवार को किसान सभा व सीटू के नेतृत्व में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में शहर में ट्रैक्टर परेड निकाली गई। ट्रैक्टर यात्रा के लिए नरवाना रोड झांज के पास, कैथल रोड, कैथल रोड पूल, मिल्क प्लाट पर चार पॉइंट बनाए गए थे। यात्रा पूरे शहर से निकाली गई और फिर नए बस अड्डा पर संपन्न हुई। ट्रैक्टर यात्रा शुरू करने से पहले फूल सिंह श्योकंद ने कहा कि केंद्र सरकार व भाजपा का विश्वासघात सभी के सामने हैं। किसानों के लंबे आंदोलन के बाद वापस हुए किसान विरोधी कानून के समय केंद्र सरकार ने जो वादा किया था उस पर खरी नहीं उतरी और किसानों के साथ विश्वासघात किया, जिसको लेकर संयुक्त किसान मोर्चा लगातार आंदोलनरत है। जिस समय किसान विरोधी कानून सरकार ने वापस लिए उसी समय भाजपा सरकार ने किसानों के साथ वादा किया था कि एसपी की गारंटी, बिजली बिल रद्द होगा और लखीमपुर खीरी नरसंहार के दोषी मंत्री को हटाया जाएगा, लेकिन वह अभी भी मंत्री बने हुए हैं और उसका बेटा खुला घूम रहा है। इसलिए संयुक्त किसान मोर्चा एवं ट्रेड यूनियन मोर्चा संयुक्त रूप से देशभर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर ट्रैक्टर और व्हीकल परेड निकालने का फैसला लिया था। अखिल भारतीय किसान सभा के राज्यध्यक्ष बलबीर सिंह गुरुसर, भाकियू घासी गुट के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंद्र नैन ने कहा कि सरकार ने वादाखिलाफी की है। उनकी मांग एमएसपी पर कानून बनाने, यूपी के लखीमपुरी खीरी के अंदर जिन किसानों की मौत हुई थी उनको न्याय देने, किसानों के कर्जे माफ करने, बिजली बिल अध्यादेश को निरस्त करने सहित अन्य मांगे हैं। जिन्हें सरकार जल्द से जल्द पूरा करे। हर साल यह तिरंगा यात्रा निकाली जाती है ताकि जो हमारी अधूरी मांगे हैं उनको पूरा करने की मांग सरकार तक पहुंचे। मांगें पूरी नहीं होती तो फिर से आंदोलन करना पड़ सकता है। 16 फरवरी को पूरा भारत बंद का आह्वान है। इसके बाद कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। महिलाओं की अच्छी भागीदारी इस तिरंगा यात्रा में रहेंगी। इस अवसर पर किसान नेता फूल सिंह श्योकंद, बलबीर सिंह गुरूसर, भाकियू घासी गुट के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंद्र नैन, आजाद पालवां, सिक्कम सफाखेड़ी, बारूराम, बिंद्र, ओमप्रकाश कंडेला, गुरबिंदर सिंह संधू, प्रेस प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर व नौगामा खाप के प्रधान सुरेश मौजूद रहे।