दातासिंहवाला बॉर्डर से अंबाला के लिए सुबह रवाना होते किसान।
नरवाना। दातासिंहवाला बॉर्डर से बुधवार सुबह काफी संख्या में किसान अंबाला के शंभु बॉर्डर पर पहुंचे। पूरा दिन दातासिंह वाला बॉर्डर पर शांति रही। यहां किसान नेताओं ने कहा कि शंभु बॉर्डर से जो भी आदेश आएंगे, उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को भी कुछ किसान दातासिंह वाला बॉर्डर पर पहुंचे।
किसान नेता नवदीप जलबेड़ा की देर रात हुई रिहाई के बाद किसानों ने एसपी कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम टाल दिया था। इसके बाद उन्होंने अंबाला में नवदीप जलबेड़ा के सम्मान में कार्यक्रम के आयोजन का ऐलान किया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए काफी संख्या में किसान दातासिंहवाला बॉर्डर से अंबाला पहुंचे। बुधवार को दातासिंहवाला बॉर्डर पर काफी कम संख्या में किसान बचे थे। यहां पूरा दिन शांति रही और पूरा दिन अंबाला में जो घटनाक्रम चलता रहा, उसके बारे में जानकारी हासिल करते रहे। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि अब आगामी आंदोलन की रणनीति अंबाला में ही बनेगी। उसके बाद ही दातासिंहवाला बॉर्डर पर भी निर्णय लिया जाएगा। अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि वीरवार को काफी संख्या में किसान दातासिंहवाला बॉर्डर पर पहुंचेंगे। इसके बाद यहां से अंबाला भी कूच किया जा सकता है।