अलेवा। दिल्ली-जम्मू कटरा एक्सप्रेस हाईवे पर जमीन का बढ़ा मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को पेगां गांव के किसान डीसी मोहम्मद इमरान रजा से मिले। डीसी ने मामले को लेकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन किसानों को दिया।
पेगां गांव के किसान सतपाल, शमशेर, चांदीराम, कर्मबीर, दिलबाग, ओमप्रकाश ने डीसी को सौंपे मांग पत्र में कहा कि सरकार ने दिल्ली-जम्मू कटरा एक्सप्रेस हाईवे के निर्माण के लिए पेगां गांव की जमीन का अधिग्रहण किया था। किसानों की मांग के अनुसार पूर्व डीसी ने जमीन का मुआवजा 36 लाख से बढाकर 48 लाख प्रति एकड़ कर दिया था। जोकि गांव के 80 प्रतिशत लोगों को जमीन का बढा हुआ मुआवजा मिल चुका है लेकिन बाकी बचे 20 प्रतिशत लोगों को अभी तक बढे हुए मुआवजे की राशि नहीं मिल पाई है। यही नहीं यह मामला करीब एक वर्ष से डीसी के पास विचाराधीन है। पेगां गांव के किसान करीब एक वर्ष से जमीन का बढा मुआवजा लेने के लिए डीसी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक किसानों को बढा मुआवजा नहीं मिल पाया है। जिसके कारण किसानों को आर्थिक तथा मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेगां गांव के किसानों ने डीसी से जमीन के बढे मुआवजे को दिलाने की मांग की है।