संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। हाइवे स्थित मंडी में पीआर धान की खरीद को लेकर किसानों ने शुक्रवार को मंडी के मेन गेट को बंद करके ताला लगा दिया। यहां पर किसानों ने पीआर धान की खरीद में नमी के नाम पर तंग करने, पीआर धान में पंखा लगाने के नाम पर 30 रुपये प्रति क्विंटल लेने के साथ-साथ एमएसपी से भी कम भाव पर फसल खरीदे जाने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
गेट को ताला लगाने की सूचना मिलने पर उचाना थाना प्रभारी बलवान बूरा पहुंचे और किसानों को समझा बुझाकर ताला खुलवाया। किसानों ने कहा कि जो फसल बिक चुकी है उसके बारदाने को लेकर भी किसान परेशान है। किसान अपनी फसल को लेकर मंडी में पिछले 10 दिनों से बैठे है लेकिन उनकी फसल में नमी बता कर नहीं खरीदा जा रहा है। फड़ पर फसल सुखाने के बाद भी नमी बताई जा रही है। 30 रुपये प्रति क्विंटल पीआर में पंखे लगाने के नाम पर मांगे जा रहे है तो एमएसपी से सस्ते भाव में किसानों की फसल खरीदी जा रही है। उचाना थाना प्रभारी बलवान ने कहा कि सभी आरोपों की जांच करवाई जाएगी। किसानों को किसी सूरत में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू ने कहा कि किसान के खाते में जो एमएसपी भाव है वो 2203 रुपये आता है। किसी तरह से भाव को लेकर अगर कोई शिकायत है तो लिखित में शिकायत किसान दें।