संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा की तरफ से उपमंडल कार्यालय में सोमवार को हुई प्रदेशस्तरीय किसान महापंचायत में खराब फसलों का मुआवजा देने, किसान को कर्ज मुक्त करने की मांग प्रमुखता से की गई। इन मांगों को लेकर किसान प्रदर्शन करते हुए जजपा कार्यालय पहुंचे और धरना दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसान पंचायत में मुख्य वक्ता के तौर पर रवि आजाद, उचाना धरना संयोजक आजाद पालवां ने शिरकत की। महापंचायत में मांगों पर चर्चा करने के बाद किसानों ने उपमंडल कार्यालय से रोष प्रदर्शन शुरू किया। किसान पुराना बस स्टैंड, रेलवे रोड से होते हुए पुराना रजबाहा रोड के रास्ते जजपा कार्यालय पहुंचे। यहां पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने जजपा कार्यालय के गेट के सामने धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को ज्ञापन देने और डिप्टी सीएम की मोर्चा पदाधिकारियों के साथ बैठक कराने की मांग की। कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर फैसला लिया कि मंगलवार से 13 अक्तूबर तक जजपा कार्यालय के सामने किसान धरना देंगे। यदि डिप्टी सीएम से मीटिंग का समय तय नहीं होता तो 13 अक्तूबर को संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा की मीटिंग बुला कर अगला फैसला लिया जाएगा।
किसानों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को विशेष देने, मजदूरों के नुकसान की भरपाई करने, बाढ़ घोषित 11 जिलों के साथ रोहतक और दादरी में भी जल भराव के कारण बर्बाद फसलों, ट्यूबवेल, इंजन, मकान, पशुधन समेत अन्य नुकसान की भरपाई करने, बाढ़ के कारण जिन किसानों को दोबारा धान की रोपाई करनी पड़ी उनको 25 हजार प्रति एकड़ मुआवजा देने, फसल खराबे पर अधिकतम पांच एकड़ का मुआवजा देने की शर्त हटाने, मुआवजा राशि बढ़ाने, एक वर्ष के लिए सभी ऋणों की रिकवरी को रोकने आदि मांग की गई। जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी के स्थायी प्रबंध करने, सूखे से बर्बाद खरीफ फसल 2023 (मूंग, बाजार, कपास, ग्वार आदि) की विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा, प्राकृतिक आपदा का मिड टर्म क्लेम जारी करने और 15 प्रतिशत ब्याज वार्षिक ब्याज देने सहित अन्य मांग की। इस अवसर पर बलबीर सिंह, इंद्रजीत, सुरेश कोथ, जोगिंद्र नैन, कंवलजीत, सतबीर बरसोला, विकास, ओमप्रकाश रेढू, सतपाल करसिंधु, जोधाराम सेढ़ा माजरा, बलिंद्र उचाना, शीला छातर, अनिता, डिंपल दनौदा मौजूद रहीं।
बॉक्स
जजपा राजस्थान में भाजपा की बी टीम
किसान नेता रवि आजाद और आजाद पालवां ने कहा कि प्रदेश के किसानों को खराब हुई फसलों का मुआवजा नहीं मिल रहा है। फसल बीमा के नाम पर बीमा कंपनी मालामाल हो गई हैं। हमारी जो मांग है यदि वो पूरी नहीं होती तो जजपा कार्यालय के सामने मोर्चा लगाया जाएगा। जिन पांच राज्यों में चुनाव होंगे वहां पर भाजपा को करारी हार मिलेंगी। राजस्थान चुनाव में जजपा वहां पर भाजपा की बी टीम के रूप में काम करेंगी। राजस्थान के मतदाता जजपा और भाजपा के बहकावे में नहीं आने वाले है। हरियाणा में बीमा कंपनी फसल बीमे करके मालामाल हो गई जबकि किसान फसल खराब होने से कंगाल हो।