संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। जेजेपी कार्यालय उचाना के सामने डिप्टी सीएम से विभिन्न मुद्दों को लेकर आधिकारिक मीटिंग की मांग को लेकर लगातार 7वें दिन भी धरना जारी रहा। एसकेएम हरियाणा के आह्वान पर डिप्टी सीएम से आधिकारिक बैठक के लिए 23 अक्तूबर तक का समय दिया है। जब तक यहां पर निरंतर अलग-अलग यूनियन अपना धरना देंगी। 23 अक्टूबर तक समय नहीं मिलने पर एसकेएम हरियाणा की बैठक बुला कर फैसला लिया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की अगुवाई में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफल कंडेला की अध्यक्षता में धरना दिया गया। कंडेला ने कहा कि राज्य स्तरीय संयुक्त किसान मोर्चे की बैठक में फैसला लिया गया था कि जब तक डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला बातचीत करके किसानों की समस्त मांगों, समस्याओं बारे सकारात्मक हल नहीं करते तो धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर कुलदीप हिसार, सुरेंद्र सांगवान, महेंद्र, श्याम सिह, जोगेंद्र, रणधीर, जिया लाल मौजूद रहे।