परिजनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने व किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने युवक को नामजद किया है। एक व्यक्ति ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 सितंबर की रात को उसके परिवार के लोग खाना खाकर मकान में सो गए। रात को अमित नामक युवक उनके मकान में घुस गया और फिर उसने परिवार के सभी लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद युवक ने उसकी 16 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी युवक मौके से भाग गया। जब उन्हें होश आया तो उनकी बेटी ने घटना के बारे में बताया। महिला थाना प्रभारी गीता देवी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक अमित के खिलाफ नशीला पदार्थ सुंघाकर, दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।