नरवाना। लोहा मंडी में शुक्रवार को नकली मार्का लगी कीटनाशक दवाइयां बरामद हुई हैं। सिजेंटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक राहुल और उनकी टीम ने एक आई-20 कार से कंपनी के नाम पर रखी संदिग्ध कीटनाशक दवाइयां बरामद कीं। कार संख्या पीबी-39एल-3200 से सिजेंटा एमी स्टार टॉप की एक लीटर की 49 बोतलें और कोरटोवा की 94 एमएल की 46 बोतलें मिलीं जिन पर संबंधित कंपनियों का मार्का लगा हुआ था। सूचना मिलते ही कृषि विभाग के एसडीओ सुनील दलाल मौके पर पहुंचे और दवाओं की जांच की जिसमें मार्का नकली पाया गया। जांच में सामने आया कि कार अजय कुमार, निवासी कुलारा, तहसील समाना, जिला पटियाला लेकर आया था। सिजेंटा कंपनी के वरिष्ठ विधिक सहयोगी बॉबी कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पूर्णदास ने बताया कि मामले में कंपनी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। कृषि विभाग के अधिकारी से दवाओं की जांच करवाई गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संवाद