ई-कॉमर्स साइट पर स्कूटी बेचने के नाम पर युवक से 50100 रुपये ठगने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने झज्जर के मनजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पटियाला चौक स्थित सावित्री नगर निवासी अमित कुमार ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फरवरी 2019 में उसने एक ई-कॉमर्स साइट पर एक स्कूटी देखी थी। उसको स्कूटी पसंद आई तो उसने साइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर बात की तो युवक ने अपना नाम झज्जर निवासी मनजीत और सेना में नौकरी करने की बात कही। उसने बताया कि वह स्कूटी बेचना चाहता है। दोनों के बीच स्कूटी को लेकर 37 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। उससे पांच हजार रुपये की राशि जमा करवाई गई और बाद में कई बार राशि जमा करवाकर कुल 50100 रुपये जाम करवा लिए, लेकिन उसके बाद भी युवक को न तो स्कूटी दी और न ही राशि वापस मिली। जब उसने राशि वापस मांगी तो जान से मारने की धमकी दी। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि इस मामले में मनजीत के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि हड़पने के आरोप और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।