जींद। एक व्यक्ति ने प्लाट बेचने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से आठ लाख 32 हजार रुपये हड़प लिए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
मनोहरपुर गांव की महिला संतरा देवी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव के ही रोहताश से 30 अप्रैल 2013 को शहर के जवाहर नगर में 110 वर्ग गज का प्लाट खरीदा था। उस समय खाली प्लाट पड़ा था और कब्जा नहीं दिलवाया गया था। आरोप लगाया कि उसने छह लाख 32 हजार 500 रुपये रोहताश को दे दिए थे। इसके बाद रोहताश ने उससे रजिस्ट्री करवाने की एवज में दो लाख रुपये और नकद ले लिए। उसने बाद में पता चला कि जो जमीन रोहताश ने बेची है, वह उसका असल मालिक ही नहीं है। रोहताश ने फर्जी एग्रीमेंट तैयार करवाकर उसके व गांव की ही सुमन के साथ धोखाधड़ी की है।
उन्होंने सदर थाना पुलिस को दी थी लेकिन उस समय रोहताश ने शपथ पत्र देते हुए जल्द ही जमीन की रजिस्ट्री करवाने की बात कही थी लेकिन अब तक रोहताश ने न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई है और न ही उसके पैसे वापस किए हैं। जब भी पैसे वापस मांगते हैं तो उसे उन्हें रोहताश जान से मारने की धमकी देता है। जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।