संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर के बीच में देवीलाल चौक के पास बची एकमात्र रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को तीन साल बाद भी जाम से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। इस फाटक के पास बन रहे रेलवे अंडरपास का निर्माण तीन साल बाद भी अधूरा है। तीन बार इसकी डेडलाइन बढ़ाई जा चुकी है लेकिन अभी भी काम पूरा नहीं हो पाया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दिवाली से पहले रेलवे अंडरपास शुरू हो जाएगा। इस पर दो करोड़ 31 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
जींद शहर की सभी रेलवे फाटकों से लोगों को मुक्ति मिल गई है। केवल देवीलाल चौक के पास जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर फाटक से मुक्ति नहीं मिल पाई है। इस रेलवे फाटक से मुक्ति दिलाने के लिए 2019 देवीलाल चौक के पास यू आकार के रेलवे अंडरपास का निर्माण शुरू किया था। तीन साल बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है जबकि इस अंडरब्रिज का कार्य 2020 में ही पूरा होना था। इसमें कभी कोरोना तो कभी बजट के कारण देरी होती रही। पहले जिस ठेकेदार ने कार्य शुरू किया था, उसने बीच में छोड़ दिया। अब दूसरे ठेकेदार को कार्य दिया गया है। फिलहाल इसपर तेजी से कार्य चल रहा है।
320 मीटर होगी लंबाई
इस अंडरब्रिज की लंबाई 320 मीटर होगी जबकि 10.67 मीटर चौड़ाई होगी। यह अंडरब्रिज 4.88 मीटर ऊंचा होगा। इसे यू आकार दिया गया है ताकि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो और यहां जाम भी नहीं लगे। यह अंडरब्रिज देवीलाल चौक से रोहतक रोड, भिवानी रोड, हांसी रोड की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए राहत से भरा होगा।
घंटे तक फंसे रहते हैं वाहन
जींद-पानीपत-सोनीपत रेलवे लाइन पर जब भी रेलगाड़ी आती है तो रेलवे फाटक बंद हो जाती है। यहां अगर 15 मिनट भी फाटक बंद हो जाए तो सैकड़ों की संख्या में वाहन जमा हो जाते हैं। फाटक खुलने के बावजूद यहां घंटों तक वाहन फंसे रहते हैं क्योंकि यहां पर रास्ता बाजार की तरफ जाता है। इसके अलावा यहां से पुरानी अनाजमंडी व काठ मंडी की तरफ भी रास्ता जाता है। यदि कोई ट्रेक्टर या काठ मंडी में जाने वाला ट्रक फंस जाए तो समझो दो घंटे रास्ता ब्लॉक हो गया। इसी जाम से निजात दिलाने के लिए आरयूबी का निर्माण किया जा रहा है।
डीसी के साथ आज होगी बैठक
रेलवे अंडरब्रिज के मामले व अन्य विकास कार्यों को लेकर डीसी डॉ. मनोज कुमार शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में रेलवे अंडरब्रिज के प्रगति कार्य तथा जल्द इसे खोलने के बारे में विचार किया होगा।
आरयूबी का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। दीवाली से पहले इसे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल इसकी फिनिशिंग बाकी है। निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही इसके ऊपर टीन लगाई जाएंगी, ताकि पानी अंदर नहीं घुसे।
-अजय माइकल, रेलवे पीआरओ, दिल्ली रेलवे डिवीजन