जींद। सदर थाना पुलिस ने अहिरका गांव के एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ हमला करने तथा धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। अहिरका निवासी रोहताश ने एफआईआर में बताया कि 26 फरवरी को वह अपने घर पशुओं को बांध रहा था। तभी पड़ोसी महावीर, विजय, अजय और राजो लाठी-डंडे लेकर उसके मकान में घुस गए व उस पर हमला कर दिया। आवाज सुनकर उसकी पुत्रवधू ज्योति तथा काजल छुड़ाने लगी तो उन पर भी हमला कर दिया। जब वह हमला कर वापस जाने लगे तो गली में उसके बेटे खुशीराम को घेर लिया तथा उस पर भी हमला कर दिया। जाते हुए वह जान से मारने की धमकी देकर चले गए। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि इस मामले में चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।