संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। नगरपालिका टीम ने वीरवार को शहर के विभिन्न मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों व स्टाल लगाने वालों को चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा कोई अतिक्रमण किया तो उन्हें नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नपा के कर्मचारियों ने फुटपाथ के अलावा दुकानों के बाहर फड़ पर लगाए गए सामान को जब्त कर लिया।
नगर पालिका की कार्रवाई के दौरान दुकानदान अपनी दुकानों के सामने से सामान को समेटते नजर आए। अभियान के दौरान पॉलीथिन के भी चालान किए गए। वहीं, दुकानदारों को कपड़े के बैग में सामान देने की हिदायत दी गई। नप के सचिव विक्रमजीत के निर्देश पर सफाई निरीक्षक कर्मवीर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने शहर के महात्मा गांधी मार्ग, मैन बाजार, रेलवेरोड़, सब्जी मंड़ी रोड, पुराना बस स्टैंड सहित खानसर चौंक के अलावा जहां-जहां पर दुकानदारों ने कई फुट तक फुटपाथ सहित फड़ व सडक पर कब्जा किया हुआ था। वहां पर अभियान चलाया गया। दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया गया। वहीं अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग कोउतारा गया।
नप के सचिव विक्रमजीत ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगली बार उन्हें फुटपाथ सहित फड़ पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए मिले तो वह नोटिस जारी कर दुकानदारों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण से जाम की समस्या बनी रहती है।