जींद। जिला रोजगार कार्यालय व राजकीय आईटीआई में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इनमें 500 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। आईटीआई में रोहतक व सोहना की कंपनी ने प्रार्थियों का साक्षात्कार लिया।
इसमें विभिन्न ट्रेडों के 256 छात्रों ने कैंपस में साक्षात्कार दिया। इसमें से कंपनियों ने अपने प्रक्रिया के आधार पर 109 छात्रों का चयन किया। चयन प्रक्रिया के बाद कंपनी द्वारा विद्यार्थियों को जॉब के लिए ऑन द स्पॉट ऑफर लेटर भी दिया गया। इसके अलावा रोजगार कार्यालय में लगे रोजगार मेले में 250 प्रार्थी शामिल हुए। इसमें सिक्योरिटी ग्रुप ने 124 प्रार्थियों को चयनित किया। जिला रोजगार अधिकारी अंजू नरवाल ने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह से बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए कैंपस में जॉब फेयर का आयोजन होगा। इसके अलावा आईटीआई के प्राचार्य अनिल गोयल ने चयनित विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।