जींद। बारिश और तूफान ने जिले में काफी नुकसान किया है। शनिवार को दिन-रात को आई तेज बारिश और तूफान से जहां फसलों को भारी नुकसान हुआ है वहीं बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। बारिश से जहां रात में कई कॉलोनियों की बिजली गुल रही, वहीं शहर में कई जगह लगी मोटी केबल में पानी घुस गया, जिससे में उसमें आग लग गई। वहीं जगह-जगह फ्यूज और जंपर उड़ गए। इसके अलावा नरवाना शहर में ब्लैक आउट हो गया। इससे दर्जनभर कॉलोनी में पूरी रात बिजली बाधित रही। बिजली उपभोक्ताओं ने निगम कार्यालय में शिकायत की तो वहां से पता चला कि शहर में पोल दूसरी बिजली लाइन पर गिर गया। इससे बिजली सप्लाई बाधित हुई है, लेकिन रात में बारिश के चलते मरम्मत का काम नहीं हो पाया। इसकी वजह से बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने रविवार को मरम्मत का काम शुरू किया तो शहर में दोपहर बाद बिजली सप्लाई बहाल हो पाई। इसके बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली। बिजली आने के बाद ही लोगों के दिनचर्या के काम शुरू हो पाए। बारिश और तूफान के कारण बिजली आपूर्ति ठप होने की निगम सर्कल में 340 से ज्यादा शिकायतें पहुंची, जिनमें 100 से ज्यादा ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की गईं।
भिवानी और रोहतक रोड पर जला केबल
शनिवार को आई बारिश के दौरान जींद शहर के भिवानी रोड तथा रोहतक रोड पर लगी मोटी केबल आग लगने से जल गई। आग लगने से आसपास के क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। शहरवासियों ने इसकी शिकायत निगम सर्कल कार्यालय में की, लेकिन रात को नया गेबल लगने का काम नहीं हो सका, जिससे बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो पाई। इसके बाद रविवार सुबह बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नया केबल डालकर बिजली बहाल की। हालांकि यह कार्य करने में कई घंटे लगे। वहीं शहर के भगवान नगर, संतनगर, नई अनाज मंडी, बुढ़ा बाबा बस्ती, मेन बाजार, विकास नगर, अपराही मोहल्ला, विश्वकर्मा कॉलोनी, चक्कर रोड, भिवानी रोड एरिया, श्याम नगर, कैथल रोड एरिया और बाजार के एरिया में बिजली बाधित रही।
नरवाना में पूरी रात बिजली गुल रही
नरवाना में शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश हुई। इससे इस क्षेत्र में नुकसान काफी ज्यादा हुआ है। नरवाना क्षेत्र में कई जगह शनिवार शाम को ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात को तो गांव के साथ-साथ शहर में भी बिजली गुल हो गई। पूरी रात बिजली गुल रही। निगम कार्यालय में शिकायत करने के बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। नरवाना क्षेत्र के आर्य उपनगर, पतराम नगर, खादी चौक, ओल्ड कोर्ट रोड, बीरबल नगर, पुरानी अनाज मंडी, कैनाल रोड, हरिनगर, भगत सिंह कॉलोनी, हनुमान नगर, पटेल नगर, धर्मसिंह कॉलोनी, प्रेमनगर में भी बिजली गुल रही। इनमें से काफी क्षेत्र में रविवार दोपहर बाद बिजली बहाल हो पाई।
आंधी और तूफान से कई जगह बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर तुरंत कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। कई जगह रात को बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई, लेकिन रविवार सुबह सभी जगह बिजली बहाल करवा दी गई थी। -प्रमोद कुमार, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम जींद।