जींद। करनाल जिले के बड़ोता गांव निवासी महिला को गणित अध्यापिका लगवाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये ठगने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने रोहतक जिले के खिड़वाली गांव निवासी धर्मेंद्र हुड्डा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में करनाल जिले के बड़ोता गांव निवासी राकेश पूनिया ने बताया कि उसकी जान-पहचान पांच साल से रोहतक जिले के खिड़वाली गांव निवासी धर्मेंद्र हुड्डा के साथ थी। उनकी पत्नी ने गणित की अध्यापिका के लिए आवेदन किया था। इसके लेकर उसने धर्मेंद्र से चर्चा की। इस पर उसने बताया कि एचपीएससी में उनका खास आदमी है। वह उसकी पत्नी को अध्यापिका लगवा देगा। इसके लिए आठ लाख रुपये देने होंगे। उन्होंने आरोपी को 8 अगस्त 2023 को जींद अदालत में उसके मामा देवेंद्र लोहान के चैंबर में बुलाया। जहां पर आरोपी ने नौकरी लगवाने की गारंटी ली और जल्द 8 लाख रुपये देने के लिए। इसके बाद उन्होंने कई बार में अलग-अलग ट्रांजक्शन व नकद 8 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। जब परीक्षा का परिणाम आया तो उनकी पत्नी की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद उसने रुपये मांगे तो वह कुछ दिन तक गुमराह करता रहा। इसके बाद उसने रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी पर पहले भी लगभग 15 मुकदमे दर्ज हैं। वह अदालत से भगोड़ा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।