संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को आठ लोग डेंगू पीड़ित पाए गए। इनमें से चार की जांच रिपोर्ट नागरिक अस्पताल जींद से जारी की गई तो चार की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग हिसार ने जारी की गई। जिले में डेंगू के अब तक 167 मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार कंडेला गांव निवासी 56 वर्षीय पुरुष, जींद के सफीदों गेट निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति, भगत सिंह कॉलोनी निवासी आठ वर्षीय बच्ची, हनुमान नगर नरवाना निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट नागरिक अस्पताल जींद में पॉजिटिव मिली है। वहीं हिसार से भी जींद से चार डेंगू पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। इनमें विवेकानंद नगर निवासी 17 वर्षीय बालक, इसी परिवार का 22 वर्षीय युवक, हैबतपुर गांव निवासी चार वर्षीय बच्चा तथा नरवाना निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। जिले में अब तक 167 लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आ चुकी है।
स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शुक्रवार को शहर की दर्जनभर काॅलोनियों में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए जागरूकता अभियान में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मच्छर जनित रोगों व दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य निरीक्षण राममेहर वर्मा ने बताया कि आसपास की सफाई रखें, पानी न एकत्रित होने दें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, सप्ताह में एक बार कूलर, फूलदान, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों तथा पानी की हौदी को सुखाकर भरें।
बॉक्स
लक्षण मिलें तो तुरंत कराएं जांच
डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने कहा कि यदि सर्दी व कंपन के साथ तेज बुखार, उल्टियां लगने, गर्मी लगने, बुखार एक दिन छोड़कर दूसरे दिन आने, उल्टी दस्त होने, शरीर में कमजोरी आने पर मरीज को तुरंत अपने आसपास के स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करवानी चाहिए।
बॉक्स
लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को जागरूक कर रही हैं। प्रतिदिन बुखार पीड़ितों के सैंपल लेकर उनकी जांच करवाई जा रही है। लोगों से लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।-डॉ. गोपाल गोयल, सिविल सर्जन।