जींद। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) व भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) की जिला कमेटियों की संयुक्त बैठक रविवार को अक्षर भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से नरेश दनोदा व अक्षय बोहतवाला ने की। मीटिंग का मुख्य एजेंडा आने वाले विधानसभा चुनाव में छात्र, नौजवानों की मांगों का डिमांड चार्ट तैयार करके अपनी मांगों को जनता व राजनीतिक दलों के सामने चुनावी मुद्दा बनाने का था।
नौजवान नेता नरेश दनोदा ने कहा कि आज देश की बड़ी आबादी युवा है। इसको विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने सिर्फ वोट बैंक समझा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों ने छात्रों के लिए खेल सुविधाएं, शिक्षा व रोजगार पर कोई योजना नहीं बनाई और न ही इसके लिए चुनाव में कोई अभियान चलाया जाता है, इसलिए छात्र नौजवानों की ड्यूटी बनती है वह अपनी मांगों को चिह्नित करें और उसके लिए आंदोलन करें। इसी के मद्देनजर डीवाईएफआई व एसएफआई ने यह निर्णय लिया है कि वह 14 सितंबर को मजदूर भवन में एक छात्र-युवा पंचायत का आयोजन करेंगे। पंचायत में नौजवानों के सामने आने वाली शिक्षा रोजगार से जुड़ी हुई मांगों का एक मांग पत्र तैयार किया जाएगा और उस पर छात्र नौजवानों के बीच विचार-विमर्श करके एक डिमांड चार्टर तैयार किया जाएगा। बैठक में विक्रम, दिनेश डाहोला, विनोद जाजवान, रितू, कोमल, नेहा, सिवानी, काजल, मीनाक्षी मौजूद रहे।