संवाद न्यूज एजेंसी
अलेवा। अनाज मंडी में धान का उठान करने के लिए मिलर अलाॅट नहीं होने और बारदाना नहीं मिलने से परेशान आढ़तियों ने वीरवार की दोपहर मंडी गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद मंडी के सामने अलेवा-ढाठरथ मार्ग की सड़क के बीच बैठकर जाम लगा दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया।
जाम की अध्यक्षता अनाज मंडी व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान बिजेंद्र चहल ने की। मंडी के मेन गेट पर ताला लगाकर जाम लगा रहे आढ़तियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मंडी के मेन गेट पर ताला व जाम लगाए जाने की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार व अलेवा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर आढ़तियों की समस्या का जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से माध्यम से समाधान कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन आढ़ती समस्या का समाधान होने के बाद ही जाम खोलने की बात पर अड़े रहे। इसके बाद नायब तहसीलदार ने उचाना के एसडीएम को मामले से अवगत करवाया।
सूचना मिलते ही हैफेड के पुनीत पंघाल ने मौके पर पहुंचकर धान खरीद से संबंधित सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया, लेकिन व्यापारी व किसान मिलर अलाॅट होने संबंधी कागजात व बारदाना मौके पर पहुंचने के बाद ही जाम खोलने की बात कही। डीएम हैफेड ने वेयर हाउस रोहतक के डीएम रोहताश दहिया से मोबाइल पर बात करवा सरकारी खरीद संबंधी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर लगभग दो घंटे बाद आढ़तियों को जाम खोलने पर सहमत किया। इसके बाद आढ़तियों की समस्या का निदान कराने के बाद लगभग चार बजे डीएम ने मंडी में जाकर सरकारी खरीद एजेंसी से सरकारी खरीद शुरू कराई। आढ़तियों को आश्वासन देते हुए डीएम ने कहा कि डीसी ने सीए के माध्यम से अलेवा अनाज मंडी में खरीद व उठान के लिए चार मिलर अलाट करवा दिए है।
इस मौके पूर्व प्रधान सतीश कुमार, अनिल लोहान, कर्ण सिंह नबंरदार, अनिल कुमार, रामपाल शर्मा खांडा, पूर्व प्रधान रामपाल भारद्वाज, राजपाल कंडेला, अनिल लोहन, अनिल कुमार, सुरेश लोहान, मा. टेकराम, गोबिंद, सत्यवान, सुरेश चहल, राजबीर, नरेश व चांद लोहान समेत मंडी के अधिकतर आढ़ती मौजूद रहे।