जींद। डिटेक्टिव स्टाफ ने कंडेला निवासी संजय को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक किलो 9 ग्राम चरस भी बरामद की है। डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज उपनिरीक्षक चंद्रपाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति सीएचसी कंडेला के लगते रजबाहा की पटरी पर नलकूप के पास खड़ा है। उसके पास नशीला पदार्थ है। सूचना पर पुलिस टीम सीएचसी कंडेला के लगते रजबाहा की पटरी पर नलकूप के पास पहुंची तो वहां एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया, जो हाथ में काले रंग का पॉलीथिन लिए हुए था। पुलिस ने तलाशी ली तो नशीला पदार्थ चरस (सुल्फा) पाया, जिसका वजन किया तो बरामद चरस का वजन एक किलो नौ ग्राम हुआ। सदर थाना पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।