टिकट घर का निरीक्षण करते डीआरएम डिंपी गर्ग। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। रेलवे डीआरएम डिंपी गर्ग शनिवार दोपहर बाद जींद जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने जंक्शन और रेलवे कालोनी का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों को जंक्शन पर साफ-सफाई रखने के दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उनके साथ शिवानी, ममता, एसएसई रमेश चौपड़ा सहित अन्य आलाधिकारी भी मौजूद थे।
उन्होंने निरीक्षण की शुरुआत रेलवे क्वार्टरों से की, जहां गंदगी मिलने पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। इसके अलावा वहां पड़े कबाड़ को 15 दिन के अंदर हटवाकर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। डीआरएम ने क्वार्टरों में रहने वाले लोगों की जानकारी ली, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति वहां रह न रहा हो। निरीक्षण के दौरान क्वार्टरों में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं मिला, जिन कर्मचारियों को क्वार्टर अलॉट हो रखे थे, वहीं वहां रह रहे थे। उसके बाद उन्होंने टिकट घर की व्यवस्था का जायजा लिया। बिजली के खंभों को हटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रेलवे लाइन पर उगी घास को हटाने के भी निर्देश दिए।
रेलवे जीएम के सामने भी उठा था मामला
24 फरवरी 2021 को जीएम आशुतोष ने जींद जंक्शन का दौरा किया था। उस समय दो रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टरों में बाहरी लोग रहते पाए गए थे। पूछने पर क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने बताया था कि रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें किराए पर क्वार्टर दे रखे थे और कर्मचारी कहीं बाहर दूसरी जगह रह रहे थे। इसके बाद जीएम ने दोनों कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए अन्य क्वार्टरों की जांच के आदेश दिए थे। जीएम के आदेश पर रेलवे कर्मचारियों ने लगभग 460 क्वार्टरों की जांच की थी, जिनमें कोई और बाहरी व्यक्ति रहता हुआ नहीं पाया गया था।
ड्यूटी सही करने के निर्देश
डीआरएम डिंपी गर्ग ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि वह अपनी ड्यूटी सही तरीके से करें। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दें। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जाए। लॉकडाउन का संक्रमण कम होने के बाद रेलवे द्वारा ट्रेनों के संचालन में बढ़ोतरी की गई है। कुरुक्षेत्र और पानीपत रूट पर ट्रेन चलनी शुरू हो गई हैं, जिससे यात्रियों को सुविधा मिली है। आगे भी यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे प्रयासरत रहेगा।