जींद। खटकड़ टोल प्लाजा पर चालक व मालिक एकता मंच के आह्वान पर दिया जा रहा धरना सोमवार को 16वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता टैक्सी यूनियन जींद के प्रधान नरेंद्र खर्ब ने की। धरने पर मजदूर संगठन सीटू के जिला सचिव कपूर सिंह ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार लगातार जन विरोधी कानून पास कर रही है, संविधान व संवैधानिक संस्थाओं पर हमले जारी हैं। कभी किसानों पर कभी मजदूरों पर कभी कर्मचारियों पर, कभी छात्रों व नौजवानों तथा महिलाओं पर लगातार हमले जारी हैं। भाजपा सरकार ने अब ड्राइवर तक को नहीं बख्शा और उनके खिलाफ भी काले कानून लेकर आ गई। ऐसा काला कानून कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर ड्राइवर को व्यक्तिगत तौर पर 10 साल की सजा सात लाख रुपये का जुर्माने का काला कानून भाजपा सरकार लेकर आई है। जिसको लेकर ड्राइवर व मालिकों में सरकार के प्रति भारी रोष है और इसके विरोध में एक जनवरी से लगातार आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार लगातार आंदोलन की अनदेखी कर रही है।