19जेएनडी09: डाहौला गांव में लोगों को समझाते हुए जलापूर्ति विभाग के एसडीओ रणबीर सिंह व जेई रोहित
अलेवा। डाहौला गांव स्थित दरगाह पट्टी की कॉलोनी के लोगों को सात महीने से पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने शनिवार को जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया। इसकी सूचना मिलते ही जलापूर्ति विभाग जींद के एसडीओ रणबीर सिंह व जेई रोहित डाहौला मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्या का दस दिनों में समाधान करने का आश्वासन देकर मामले को शांत करवाया।
डाहौला गांव निवासी धर्मबीर, शक्ति शर्मा, बीनू, जयभगवान तथा महिला पूनम, संतोष, अनिता, केलो, कमलेश ने बताया कि गांव स्थित दरगाह पट्टी के कॉलोनी के लोगों को सात महीने से पीने का पानी नहीं मिल रहा है। कॉलोनी में अधिकतर जगह तो ऐसी है जो जहां आज तक विभाग ने पाइपलाइन नहीं बिछाई है। इसके कारण कॉलोनी की अधिकतर महिलाओं को पीने के पानी के लिए दूर-दराज खेतों में लगे सबमर्सिबल पर जाना पड़ता है। कॉलोनी के लोगों ने पहले भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को पीने के पानी की किल्लत से अवगत करवाया था, लेकिन उनकी बातों की तरफ उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसके कारण कॉलोनी के लोगों में विभाग के खिलाफ रोष है।
लोगों की समस्या का दस दिन में होगा समाधान : एसडीओ
जलापूर्ति विभाग के एसडीओ रणबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने डाहौला गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया है। कॉलोनी की अधिकतर गलियां ऐसी हैं, जहां अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछी है। साथ लगती लाइन से जहां से संभव होगा कॉलोनी में पानी सप्लाई चालू कर दी जाएगी। इसके लिए साथ में मौके पर पहुंचे जेई से बात कर लोगों की समस्या का दस दिन के अंदर समाधान कर दिया जाएगा।
19जेएनडी09: डाहौला गांव में लोगों को समझाते हुए जलापूर्ति विभाग के एसडीओ रणबीर सिंह व जेई रोहित