संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि नौ साल पहले भाजपा की सरकार बनी और आज हरियाणा के जो हालात हैं, उससे प्रदेश का बच्चा-बच्चा वाकिफ है। इस डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन फेल हो चुके हैं और अब मरम्मत के लायक भी नहीं रहे। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। वह बुधवार को यहां हुड्डा ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
हुड्डा ने कहा कि अब चुनाव में साल भर का ही समय बाकी रह गया है। पूरे हरियाणा में परिवर्तन की लहर चल रही है। आगामी चुनाव आने वाली पीढि़यों के भविष्य को तय करने वाला चुनाव होगा। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान पर कहा कि यह अभियान हरियाणा के हर भाई को प्रेम की डोर से जोड़ने, किसान को एमएसपी गारंटी और नौजवानों को रोजगार से जोड़ने, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम और बुजुर्गों को देश में सबसे ज्यादा छह हजार रुपये बुढ़ापा पेंशन से जोड़ने का है। 2014 से पहले प्रदेश विकास के मामले में सबसे आगे था लेकिन इसके बाद अब भ्रष्टाचार के मामले में आगे पहुंच गया है। यहां दीपेंद्र हुड्डा ने लक्ष्य ग्रामीण विकास ट्रस्ट द्वारा छात्राओं के लिए चलाई गई मुफ्त बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर विधायक सुभाष देशवाल, पूर्व विधायक परमेंद्र ढुल, चौ. महेंद्र सिंह नंबरदार, बलराम कटवाल, अंशुल सिंगला, सत्तू ढांडा, जगबीर ढिगाना आदि मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 22जेएनडी41 : लोगों को संबोधित करते दीपेंद्र हुड्डा। विज्ञप्ति।