संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नागरिक अस्पताल में सोमवार से लेकर बुधवार तक मरीजों की भारी भीड़ रहती है। बुधवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी 1200 के आसपास रही। 11 बजे से 12 बजे तक प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कादियान एसी कमरे में चिकित्सकों संग बैठक करते रहे, वहीं बाहर ओपीडी में भयंकर गर्मी के बीच मरीज बेहाल रहे। ओपीडी के बाहर मरीजों की लाइन लगी रही। एक घंटा इंतजार के बाद ही चिकित्सक ओपीडी में आए और इसके बाद मरीजों को राहत मिली।
नागरिक अस्पताल में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक भारी भीड़ रहती है। अस्पताल में प्रतिदिन 1200 से अधिक ओपीडी होती है। सबसे ज्यादा ओपीडी हड्डियों, ईएनटी, आंखों और सामान्य रोग विशेषज्ञ की होती है। 11 बजे प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कादियान ने अचानक चिकित्सकों की बैठक बुला ली। सभी चिकित्सक ओपीडी छोड़कर बैठक में चले गए। इस कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इतनी भयंकर गर्मी में मरीज एक घंटा तक बेहाल रहे, लेकिन ओपीडी में उनकी सुनने वाला कोई नहीं था। दोपहर 12 बजे के बाद बैठक खत्म हुई और चिकित्सक ओपीडी में लौटे। इसके बाद ही मरीजों को राहत मिल पाई।
दोपहर एक बजे के बाद की जा सकती थी बैठक
भिवानी रोड निवासी संदीप, रोहतक रोड निवासी सुनील, कमला, बिमला, जलालपुर कलां निवासी ओमी देवी ने कहा कि अस्पताल में इसी समय मरीजों की संख्या सबसे अधिक होती है और इसी समय चिकित्सक बैठक करने लगे। इतनी गर्मी में उन्हें काफी परेशानी हो रही है। कमला ने कहा कि उसकी आठ साल की बेटी के कान में दर्द है, वह काफी देर से रो रही है। ओमी देवी ने कहा कि उसे तेज बुखार है, लेकिन देखने वाला कोई चिकित्सक यहां नहीं है।
11 अगस्त को स्वास्थ्य निदेशालय की टीम नागरिक अस्पताल का दौरा करेगी। इसी के चलते प्रधान चिकित्सा अधिकारी ने सभी चिकित्सकों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं। बैठक में कुछ ही चिकित्सक मौजूद थे, जबकि बाकी ओपीडी कर रहे थे।
-डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस।