फोटो 03जेएनडी11-मच्छरजनित बीमारियों के बारे में जागरूक करते हुए स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत कर्मचारी
जींद। स्वास्थ्य विभाग ने झांज कलां में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान रैपिड फीवर मास सर्वे कर बुखार से पीड़ितों के रक्त नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। स्वास्थ्यकर्मी भूपेंद्र यादव ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज एजिप्टी मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है। उन्होंने लोगों से हर रविवार को ड्राई डे मनाने और कूलर, पानी की टंकियों, फ्रिज की ट्रे, गमलों, टायरों व अन्य पात्रों में जमा पानी खाली कर उन्हें अच्छी तरह साफ और सूखा रखने की अपील की। स्वास्थ्य टीम ने डेंगू के लक्षणों जैसे तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द तथा लाल चकत्तों की जानकारी दी। साथ ही सलाह दी कि ऐसे लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। ग्रामीणों ने स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में सहयोग का संकल्प लिया। संवाद