संवाद न्यूज एजेंसी
जुलाना। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा बनने के बाद पहली बार जुलाना में इतने विकास हुए हैं जितने पिछले 53 वर्षों में नहीं हुए थे। राज में हिस्सेदारी होने पर जुलाना में 305 करोड़ की लागत से सड़कें बनाई गई हैं। दुष्यंत चौटाला मंगलवार को करसोला गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 110 करोड़ की लागत से जुलाना से बाढ़ की समस्या को दूर किया गया है। अगर जुलाना में हाईवे के पास 500 एकड़ जमीन मिल जाती है तो यहां पर फैक्टरी लगा कर युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है। कहा कि प्रदेश भर में स्कूलों से बिजली किल्लत को दूर करने के लिए सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। शिव धाम योजना के तहत प्रदेश भर हर गांव में श्मशान में एक कमरा शेड और चारदीवारी बनाई जाएगी। प्रदेश के हर विधायक को खेतों के रास्ते पक्के करने के लिए 25 किलोमीटर की दूरी दी गई है। गांवों में खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं। जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा ने कहा कि जुलाना को उपमंडल बनाया गया है। दीपावली से पहले सभी अधिकारियों के बैठने से हलके के लोगों को काफी फायदा होगा। इस मौके पर जजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण लाठर, पवन करसोला, शीला चहल, पूर्व विधायक सूरजभान काजल समेत काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।