उचाना। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को रजबाहा रोड स्थित जेजेपी कार्यालय में हलका जोन प्रभारियों की बैठक ली। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और संगठन की नीतियों के साथ जो काम जेजेपी घोषणा पत्र के अब तक हुए हैं उन कामों को जन-जन तक पहुंचाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जोन प्रभारियों के साथ हुई बैठक से उनके सुझाव भी मांगे गए। अधिक से अधिक लोगों को संगठन के साथ जोड़ने के निर्देश देने के साथ-साथ सदस्यता अभियान के तहत नए लोगों को संगठन से जोड़ने की सराहना भी की। डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकसभा क्षेत्रों में जेजेपी नव संकल्प रैली कर रही है। अब तक छह रैली की जा चुकी हैं। हिसार में पार्टी सुप्रीमो डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर 13 मार्च को रैली आयोजित की जा रही है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सबसे पहला चुनाव हिसार से लोकसभा का लड़ा था। देश के सबसे युवा सांसद बनने का गौरव हिसार ने दिलाने का काम किया। हिसार लोकसभा से डॉ. अजय सिंह चौटाला भी चुनाव लड़ चुके हैं। उचाना हलके से वह विधायक हैं ऐसे में सबकी नजर उचाना पर रहेगी। इस अवसर पर प्रो. जगदीश सिहाग, काला नंबरदार, जोरा सिंह डूमरखा, अनिल शर्मा, ओमदत्त शर्मा, अजमेर वकील, यशपाल बुड़ायन मंदीप मौजूद रहे।