जींद। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने वीरवार सुबह यहां पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जिला अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में अधिकतर समय उपमुख्यमंत्री एनएचएआई अधिकारियों पर फटकार लगाते नजर आए। उपमुख्यमंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों के समक्ष नाराजगी भरे लहजे में कहा कि वे अपनी सड़क तो चमका लेते हैं, लेकिन एनएचएआई के साथ लगती पीडब्ल्यूडी व अन्य सड़क तोड़ देते हैं। एनएचएआई अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझें और उनके द्वारा तोड़ी गई या खराब की गई सड़क को दुरुस्त करके दें, ताकि वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो।
पिछले सप्ताह उपमुख्यमंत्री के काफिले के सामने पेहवा में बेसहारा पशु आ गया था। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि बेसहारा पशु नेशनल हाईवे पर कैसे आए गए। जहां-जहां रेलिंग नहीं है, वहां तुरंत रेलिंग लगाई जाए और सड़कों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। उपमुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि सड़कों पर लटकने वाली टहनियां दिखाई नहीं देनी चाहिए। सड़कों के साथ लगते पेड़ों का झुकाव कई बार सड़क की तरफ होने से दृश्यता में दिक्कत आती है, इनको तुरंत हटाया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को धुंध के मौसम से पहले-पहले सभी मुख्य सड़कों को दुरुस्त करने व गड्डा मुक्त कर सफेद पट्टी लगाने के निर्देश दिए।
एनएचएआई के अधिकारियों से कहा कि नेशनल हाईवे पर किसी भी प्रकार के पत्थर या अन्य किसी रूप में कोई अवरोधक नहीं होना चाहिए, जिससे सड़क दुर्घटना होने की आशंका हो। इसके लिए हाईवे पर लगातार चेकिंग होती रहनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बार-बार कहने पर भी अंडरब्रिज के लेवल को न तो दुरुस्त किया गया है और न ही यहां रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। अंडरब्रिज में तुरंत रिफ्लेक्टर लगाए जाएं।
इस मौके पर विधायक अमरजीत ढांडा, डॉ. कृष्ण मिड्ढा, डीसी डॉ. मनोज कुमार, एसडीएम डॉ. पंकज, अनिल कुमार दून, सत्यवान मान, नगराधीश अमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान, शुगर मिल के प्रबंध निदेशक प्रवीन कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा, जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा, उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, जींद के एसडीएम डॉ. पंकज (आईएएस), नरवाना के एसडीएम अनिल कुमार दून, सफीदों के एसडीएम सत्यवान मान, नगराधीश अमित कुमार, शुगर मिल के प्रबंध निदेशक प्रवीन कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बॉक्स
खेतों से पानी निकासी के हों उचित प्रबंध
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाना क्षेत्र के कुछ गांवों में आज भी पानी की निकासी नहीं हो पाई है। इस कारण इन किसानों की गेहूं की बिजाई नहीं हो पाएगी। इस बारे में पहले ही पानी निकासी के निर्देश दिए गए थे। आज तक यह कार्य पूरा नहीं हुआ। अधिकारी इस बात को सुनिश्चित करें कि भविष्य में पानी की निकासी की कमी से कहीं बिजाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
गांवों से दूषित पानी की निकासी की करें उचित व्यवस्था
उपमुख्यमंत्री ने पेगां, संडील, थुआ, छातर गांव में दूषित पानी की समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों में आज तक गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं हो पाई। बरसात के मौसम में इन गांवों में लोगों को काफी परेशानी होती है।
पीपीपी में 60 वर्ष की आयु होते ही बने बुढ़ापा पेंशन
दुष्यंत चौटाला ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से कहा कि जब परिवार पहचानपत्र में व्यक्ति की आयु 60 वर्ष हो जाती है तो उसकी बुढ़ापा पेंशन क्यों नहीं बनाई जाती। जिन लोगों की आयु 60 वर्ष हो जाए, तुरंत उनकी पेंशन बनाई जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।