नरवाना ब्लॉक समिति चेयरपर्सन दीपिका व उपप्रधान रविंद्र कुमार। संवाद
- फोटो : Jind
नरवाना। नरवाना व उझाना ब्लॉक समिति के प्रधान एवं उप प्रधान का चुनाव संपन्न हुआ। प्रधान एवं उपप्रधान का चुनाव एसडीएम एवं रिटर्निंग ऑफिसर अनिल कुमार दून की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। लघु सचिवालय नरवाना में स्थित सभागार में हुए चुनाव में वार्ड नंबर-11 से दीपिका धर्मपत्नी अमरजीत अमरगढ़ को सर्वसम्मति से नरवाना ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन चुना गया, जो जेजेपी समर्थित प्रत्याशी हैं, जबकि उप प्रधान के लिए ईवीएम के द्वारा मतदान करवाया गया। इसमें एक मत के अंतर से वार्ड नंबर-14 से रविंद्र कुमार कर्मगढ़ को उपप्रधान ब्लॉक समिति नरवाना चुना गया। उझाना ब्लॉक पंचायत समिति चेयरपर्सन रेणु देवी बनी जो सर्वसम्मति से चुनी गई तथा वाइस चेयरमैन जगबीर बेलरखां बने। जगबीर बेलरखां के पक्ष में नौ वोट पड़े और प्रतिद्वंदी के पक्ष में पांच वोट पड़े। यह सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशी हैं।
एसडीएम अनिल कुमार दुन ने बताया कि ब्लॉक समिति प्रधान एवं उपप्रधान के निर्धारित तिथि समय एवं स्थान के बारे में पंचायत समिति नरवाना खंड के सभी 23 सदस्यों को पहले से ही लिखित रूप में सूचना दी गई थी और चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। सोमवार को हुई चुनाव प्रक्रिया में 17 पंचायत समिति सदस्यों ने हिस्सा लिया जो निर्वाचन आयोग की हिदायत अनुसार कोरम पूरा करते हैं। चुनाव में ब्लॉक समिति प्रधान के लिए सभी 17 सदस्यों ने एकमत से दीपिका के नाम पर सहमति जताई। इस प्रकार दीपिका ब्लॉक समिति नरवाना की चेयरपर्सन निर्वाचित घोषित हुई। ब्लॉक समिति उपप्रधान पद के लिए मतदान प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें पंचायत समिति के 15 सदस्यों ने ईवीएम द्वारा मतदान किया। मतदान में वार्ड नंबर-14 से रविंद्र कर्मगढ़ को आठ मत प्राप्त हुए, जबकि वार्ड नंबर-12 से प्रदीप कुमार को सात मत प्राप्त हुए। इस प्रकार रविंद्र कर्मगढ़ को एक मत के अंतर से नरवाना ब्लॉक समिति के उप प्रधान चुने गए। इस अवसर पर बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, ईवीएम मास्टर ट्रेनर डॉ. वीरेंद्र बुरा, सतपाल ग्राम सचिव व चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।