हरियाणा के जींद में सफीदों के गांव हाट में बुधवार देर सांय संदिग्ध परिस्थितयों में 20 वर्षीय युवक का शव कमरे के पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान गांव हाट निवासी अनुज के रूप में हुई है। सूचना पाकर सफीदों सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के एफएसएल टीम को बुलाया गया।
मृतक अनुज बुधवार को घर में अकेला ही था तथा परिवार के लोग कहीं बाहर गए हुए थे। मृतक की मां मिती ने बताया कि जब वह वापस आए तो कमरा अंदर से बंद था। कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो अनुज का शव लटक रहा था। घटना की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
वहीं एफएसएल टीम ने भी गांव में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और सफीदों के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतक के पिता सुशील, दादी व चाचा ने हत्या के आरोप लगाए हैं।
सुशील का आरोप है कि उसकी पत्नी गांव के ही एक व्यक्ति के साथ सहमति संबंध में रह रही है। उन दोनों ने मिलकर उसके बेटे की हत्या करके उसे पंखे पर लटका दिया है। मृतक का पिता पानीपत में अलग रह रहा है। मृतक अनुज अविवाहित था तथा वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। अनुज आज ही छह महीने के बाद रोहतक से अपने घर पर आया था। रोहतक में वह नाई का काम सीख रहा था।
मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही हो पाएगा। अभी मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
-अंकुश, जांच अधिकारी