जींद। अलेवा थाना क्षेत्र के गांव शामदो में मंदिर के पास तालाब में शनिवार को नवजात बच्ची का शव मिला, जिससे घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को तालाब से बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिये नागरिक अस्पताल पहुंचाया। आशंका जताई जा रही है कि करतूत को छुपाने के लिए किसी महिला ने जन्म देकर नवजात को तालाब में फेंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शामदो गांव में मंदिर के पास तालाब में ग्रामीणों ने नवजात बच्ची का शव पड़ा देखा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अलेवा थाना पुलिस को दी। नवजात बच्ची की ओरनाल साथ थी और उसके अंग पूरी तरह विकसित थे। प्रथम दृष्टि में यह दिखाई दे रहा था कि कन्या का जन्म पूरे समय में हुआ है और शुक्रवार रात उसकी डिलीवरी हुई है। बच्ची को जन्म देने के बाद उसे तालाब में फेंका गया है। अलेवा थाना प्रभारी बीरबल सिंह ने बताया कि जन्म के बाद बच्ची को तालाब में फेंका गया है। अंग पूरे विकसित हैं। पुलिस ने गांव के चौकीदार बलराम की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।