जींद। जुलाना खंड के गोसाईं खेड़ा गांव के खेतों में डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने मंगलवार को पहुंचकर रबी फसलों की डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत चल रहे गिरदावरी के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पटवारियों की ओर से की जा रही एंट्री के बारे में जानकारी हासिल की और इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खेत में खड़ी फसल की फोटो को एप पर अपलोड कर एंट्री दर्ज करवाई। डिजिटल सर्वे में किल्ला नंबर को सीजरा से मिलान किया। गिरदावरी के दौरान डीआरओ राजकुमार और पटवारियों ने डीसी को अवगत करवाया। एंट्री के दौरान एप पर कई बार लोकेशन से संबंधित परेशानी आती है। इस पर डीसी ने पटवारियों को निर्देश दिए कि खेत के अदंर जाकर फसल की एंट्री करें जिससे लोकेशन से संबंधित परेशानी से बचा जा सके। अधिकारी पटवारियों से प्रतिदिन सर्वे रिपोर्ट लें। जहां काम ज्यादा लंबित है वहां अधिक संख्या में कर्मचारियों की नियुक्ति करके काम को जल्द से जल्द पूरा करवाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह,जुलाना के एसडीएम होशियार सिंह, डीआरओ राजकुमार सहित अन्य संबंधित पटवारी मौके पर मौजूद रहे। संवाद