फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परिजनों की असहमति के बावजूद 25 दिन पहले हुआ था अंतरजातीय प्रेम विवाह, जहर से नवविवाहिता की मौत

Tue, 03 May 2016 11:31 PM IST
jind/bureau
विज्ञापन
विज्ञापन
गांव अलेवा में अंतरजातीय प्रेम विवाह रचाने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर से मौत हो गई। विवाहिता ने 25 दिन पहले ही अलेवा के युवक से परिवार के लोगों के मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। विवाहिता की मौत की सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के पिता ने उसके पति पर योजनाबद्ध तरीके से जहर देकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार हांसी निवासी मोनिका (21) का गांव अलेवा निवासी रोशन के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग 25 दिन पहले ही दोनों ने परिवार के लोगों की सहमति के बिना अंतरजातीय प्रेम विवाह कर लिया और शादी करने के बाद अलेवा में ही रहने लगे। शुरुआत में दोनों ही परिवार के लोग इस शादी के खिलाफ थे लेकिन कुछ दिन पहले मोनिका के परिजनों ने रिश्ते को स्वीकार कर लिया था और एक दूसरे के घर आने जाने भी लगे थे।

लेकिन सोमवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में जहर के प्रभाव में आने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस तथा मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता मंगतराम ने उसके पति रोशन पर योजनाबद्ध तरीके से जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रोशन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन


बाइक लाने का बना रहा था दबाव
शिकायतकर्ता मंगतराम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब 25 दिन पहले उसकी बेटी मोनिका ने अंतरजातीय प्रेम विवाह रचाया था तो उस समय वह उनके कदम से नाराज थे। लेकिन बाद में उन्होंने रिश्ते को स्वीकार कर लिया और लगभग 15 दिन पहले उनका आना-जाना भी शुरू हो गया। उनके द्वारा रिश्ते को स्वीकार करते ही पति रोशन उसकी बेटी मोनिका पर बाइक लाने का दबाव डालने लगा। जब उसने बाइक लाने से मना कर दिया तो आरोपी रोशन ने उसे जहर देकर हत्या कर दी।

सरकारी नौकरी और बहुत जमीन बताकर फंसाया जाल में
मृतका के पिता मंगतराम ने बताया कि अलेवा निवासी रोशन के गांव की एक लड़की हांसी में शादीशुदा है। रोशन का उनके घर पर आनाजाना था। इस दौरान आरोपी ने साजिश के तहत उसकी बेटी को जाल में फंसा लिया। रोशन ने बताया कि वह सरकारी नौकरी करता है और उसके पास जमीन भी अच्छी खासी है। लेकिन जब मोनिका ने उससे शादी कर ली तो पता चला कि आरोपी रोशन सरकारी नौकरी पर नहीं है और न ही ज्यादा उसके पास जमीन है।

मामले के जांच अधिकारी पुरुषोत्तम ने बताया कि मृतका ने कुछ दिन पहले ही अलेवा निवासी रोशन के साथ अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। रात को जहर के प्रभाव में आने से उसकी मौत हो गई। उसके पिता ने मृतका के पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के बाद असलियत सामने आएगी।


विवाहिता की मौत, पिता ने लगाया हत्या करने का आरोप
जींद। शहर की रेलवे कालोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के मायका पक्ष के लोगों ने उसके ससुरालीजनों पर गला घोटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार रेलवे कालोनी निवासी रेलवे गार्ड भारतभूषण की पत्नी कविता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार रात को घर से मिला। महिला की मौत की सूचना पाकर उसके पिता इंद्रा कालोनी रोहतक निवासी सतबीर घर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे।

सोमवार रात को इसी के चलते ससुरालीजनों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर उसे आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया। उनका यह भी कहना है कि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। हत्या की सूचना पाकर डीएसपी दिनेश यादव, शहर थाना प्रभारी रामकुमार मौके पर पहुंचे। एसएफएल की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने मृतका के पिता सतबीर की शिकायत पर रेलवे कालोनी निवासी पति भारतभूषण, सास शीला, ननद पूनम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पहले भी दिया था जहर, अबकी बार घोंट दी गला
मृतका के पिता सतबीर ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उसकी बेटी कविता की हत्या करने का प्रयास किया गया था। इससे पहले परिजनों ने उसे जहर दे दिया था, लेकिन इसमें उनकी बेटी बच गई थी। लेकिन इस बार उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।

चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया पोस्टमार्टम
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया। चिकित्सकों ने बिसरा लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

चौकी प्रभारी कृष्ण ने बताया कि पति सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें