शहर के रेलवे रोड पर रविवार रात को चोरों ने एक साथ पांच दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने इस दौरान दुकानों के गल्ले से केवल नकदी ही चोरी की जबकि अन्य सामान के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की।
चोरी की घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुकान संचालकों की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एक साथ इतनी दुकानों में चोरी की घटना पर दुकानदारों ने रोष जताया है और पुलिस से रात को गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार चोरों ने रात रेलवे रोड स्थित सुरेश एंड संस बर्तनों की दुकान, शिव जनरल स्टोर, विनोद मशीनरी स्टोर, रोहिला जनरल स्टोर व गर्ग ट्रैडिंग कंपनी की दुकान को रविवार रात को एक साथ अपना निशाना बनाया।
सुरेश एंड संस के मालिक सुरेश जैन ने बताया कि उसके गल्ले में से 700 रुपये, शिव जनरल स्टोर के मालिक शमशेर ने बताया कि उसे किसी प्रकार का नुकसान नहीं है। विनोद मशीनरी स्टोर के मालिक विनोद शर्मा ने बताया कि चोर उसकी लगभग नौ हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए हैं।
वहीं रोहिला जनरल स्टोर के मालिक कप्तान ने बताया कि इस चोरी से उसे चार हजार रुपये चोरी किए। गर्ग ट्रैडिंग कंपनी के मालिक रामनिवास गर्ग ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान में भी नकदी चोरी करने का प्रयास किया है लेकिन गल्ले में नकदी नहीं होने के कारण कुछ भी चोरी नहीं हुआ।
दुकानदारों ने बताया कि चोर अपने साथ लोहे की राड लेकर आए थे जिससे अन्य दुकान के तालों को तोड़ने में चोर कामयाब नहीं हो सकें। उन्होंने राड की मदद से शटर को उखाड़कर चोरी की। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चौंकी इचार्ज कर्ण सिंह ने कहा कि दुकानदार विनोद शर्मा की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया है।