हरियाणा के जींद में तीन महिलाओं ने पहले एक व्यक्ति को दुष्कर्म के केस में फंसाया। इसके बाद दस लाख रुपये की मांग की। पीड़ित के बेटे ने मामले की जानकारी विजिलेंस को दी। विजिलेंस ने दो लाख देकर आरोप लगाने वाली महिलाओं के पास भेजा।
जैसे ही महिलाओं ने दो लाख रुपये लिये। विजिलेंस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस मामले की जांच कर रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि महिलाओं का एक गिरोह सक्रिय है, जो लोगों को फंसाकर मोटी रकम वसूलता है।
रोहतक के भिवानी चुंगी निवासी महाबीर के खिलाफ जींद निवासी एक महिला ने 18 नवंबर को जुलाना थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। महिला का आरोप था कि महाबीर ने उसे प्लाट के पैसे देने के बहाने बुलाया और उसके साथ जींद-रोहतक मार्ग पर जुलाना के पास लगते एक गांव में दुष्कर्म किया।
रविवार को विजिलेंस को दी शिकायत में महाबीर के बेटे ने महिलाओं पर झूठे रेप के केस में फंसाकर 10 लाख रुपये मांगने के आरोप लगाए। विजिलेंस ने दो लाख रुपये देकर महाबीर के बेटे को महिलाओं के पास भेज दिया। जब युवक ने महिलाओं को पैसे दिए तो विजिलेंस ने तीनों को काबू कर लिया। इसमें एक अन्य महिला का नाम भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।