गांव रधाना से बिरौली की तरफ जाने वाले लिंक मार्ग से पुलिस ने गायों से भरे एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक सवार लोग पुलिस को आते देख मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गोकशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रधाना गांव से बिरौली की तरफ जाने वाली लिंक मार्ग पर ट्रक खड़ा है और उसमें गायें भरी हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक नौ गायों से भरा था और दो सांड़ों की मौत हो चुकी थी। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से मरे हुए सांड़ों को वहीं पर दफनाया गया और गायों को गोशाला में छोड़ दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ गोकशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कीचड़ ज्यादा होने के चलते धंसा ट्रक
गांव रधाना के सरपंच नरेश ने बताया कि बारिश के कारण गांव रधाना से बिरौली जाने वाले रास्ते पर कीचड़ हो गया था। गो तस्करों ने मेन मार्ग से ट्रक को निकालने की बजाए लिंक मार्ग को चुना और ट्रक जमीन में धंस गया। जब ट्रक नहीं निकला, तो गो तस्कर ट्रक को वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में सुबह ग्रामीणों ने ट्रक को देख लिया।
सदर थाना प्रभारी धर्मबीर सिंह ने बताया कि रधाना के निकट ट्रक को काबू किया है। इसमें नौ जिंदा गाय तथा दो मरे हुए सांड़ मिले हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ गो तस्करी का मामला दर्ज किया है।