शहर के रोहतक रोड पर रेलवे फाटक के निकट स्थित नया जीवन नशा मुक्ति केंद्र के दो कर्मचारियों की रंजिश के चलते रॉड से हमला करके हत्या कर दी। हत्या नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए आए चार लोगों ने की।
हत्या करने के बाद आरोपी केंद्र की खिड़की उखाड़कर फरार हो गए। सूचना पर डीएसपी कुलवंत बिश्नोई, शहर थाना प्रभारी तेजबीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद कर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। हत्या के आरोपी नशे की लत के चलते कई दिनों से यहां भर्ती थे।
पुलिस के अनुसार शिव कॉलोनी निवासी प्रवेश (35) तथा गांव खेमाखेड़ी निवासी अमित (29) रोहतक रोड स्थित नया जीवन नशा मुक्ति केंद्र में नौकरी करते थे। रात को काउंसलर प्रवेश कुमार केंद्र पर इलाज के लिए भर्ती मरीजों के पास ही बेड पर सो गया।
शुक्रवार अल सुबह नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल गांव खुराना कैथल निवासी अमनदीप, अर्बन एस्टेट जींद निवासी आनंद, गांव इसराना निवासी प्रदीप व एक अन्य ने केंद्र पर जिम के वेट डंबल की रॉड निकालकर सो रहे प्रवेश के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर पर इतने वार किए कि पूरे कमरे की दीवारें खून की छीटों से सन गईं।
जब मारने की आवाज सुनकर केंद्र के नीचे की मंजिल पर सो रहे दूसरे कर्मचारी गांव खेमाखेड़ी निवासी अमित ऊपर जाने लगा तो इसी दौरान सीढ़ियों से नीचे उतर रहे चारों आरोपियों ने उसके सिर पर भी रॉड से हमला कर दिया। अमित की भी मौके पर ही मौत हो गई।
नशा मुक्ति केंद्र के तीसरा कर्मचारी महाराष्ट्र निवासी संजय उस समय बाथरूम में था। आरोपियों ने बाथरूम के बाहर कुंडी लगा दी और नशा मुक्ति केंद्र के पिछवाड़े में लगी खिड़की तोड़कर वहां से फरार हो गए। केंद्र में भर्ती अन्य लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और बाथरूम में बंद कर्मचारी संजय को बाहर निकाला।
मृतक प्रवेश और अमित की आरोपियों से हुई थी कहासुनी
मृतक प्रवेश के भाई प्रवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नशामुक्ति केंद्र में भर्ती गांव खुराना कैथल निवासी अमनदीप तथा अन्य के साथ दो-तीन दिन पहले किसी बात को लेकर प्रवेश तथा अमित की कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने प्रवीन की शिकायत पर गांव खुराना कैथल निवासी अमनदीप, अर्बन एस्टेट निवासी आनंद, इसराना निवासी प्रदीप को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
शहर थाना प्रभारी तेजबीर दहिया ने बताया कि आपसी कहासुनी के चलते केंद्र के दो कर्मचारियों की केंद्र में भर्ती चार लोगों ने हत्या की है। चारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या करने के असली कारणों का पता चल पाएगा।