मुख्य डाक विभाग के कार्यालय से ड्यूटी पूरी करके घर जा रही महिला सहायक से बाइक सवार दो युवकों ने झपटा मारकर बैग छीन लिया। बैग में दस हजार रुपये की नकदी, जरूरी कागजात मौजूद थे। बैग छीनने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मुख्य डाकखाने में सहायक के पद पर कार्यरत रामेश्वरी देवी बुधवार शाम को ड्यूटी पूरी करके घर की तरफ निकली थी। डाकखाने से थोड़ी ही दूरी पर जाने के बाद बाइक पर आए दो युवकों ने झपटा मारकर बैग झपट लिया। महिला द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक सवार युवक मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने रामेश्वरी की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।