जुलाना थाना क्षेत्र के तीन शराब ठेकों पर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी गांव बोहतवाला के निकट पुलिस मुठभेड़ में मरने वाले गांव भिड़ताना निवासी पवन के साथ था। इसमें आरोपी संदीप को गोली लगने से घायल हो गया था।
गांव गतौली के शराब ठेकेदार जयप्रकाश ने नौ जुलाई को जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि कार सवार हथियारबंद युवक गांव गतौली के देशी शराब के ठेके पर पहुंचे और हथियार लहराते हुए ठेके में घुस गए। ठेके के करिंदे महेंद्र व अश्वनी को गोली मारने की धमकी देकर गल्ले से 45 हजार रुपये की नकदी निकाल ली और फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी। इसके थोड़ी देर बाद लगभग दस बजे गांव गोसाइखेड़ा के शराब ठेके पर कार सवार लुटेरे पहुंचे। कार से एक युवक नीचे उतारा और ठेके के बाहर बैठे करिंदे मुकेश को एक शराब की बोतल देने की बात कही।
जैसे ही करिंदे मुकेश ठेके के अंदर पहुंचा तो युवक भी उसके पीछे अंदर घुस गया और पिस्तौल उस पर तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए गल्ले में रखी नौ हजार रुपये की नकदी को लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में लूटपाट की वारदात में गांव गुसाईखेड़ा निवासी संदीप का नाम सामने आया। संदीप गांव बोहतवाला के निकट पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया था और पीजीआई में रेफर कर दिया। पुलिस पूछताछ के दौरान संदीप ने तीनों वारदातों में शामिल होने की बात को स्वीकार किया है।