नागरिक अस्पताल में दाखिल एसडीओ व जेई।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद के नरवाना क्षेत्र गांव धमतान साहिब में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम पर ग्रामीणोंने हमला कर दिया। इसमें निगम के एसडीओ और जेई अनिल घायल हो गए। दोनों को नागरिक अस्पताल नरवाना में दाखिल करवाया गया है। एलएमएम ने कमरे में बंद होकर जान बचाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस तथा तहसील अधिकारी गांव में पहुंचे।
बाद में पुलिस ने पहुंचकर उन्हें निकाला। फिलहाल गढ़ी थाना में ग्रामीणों व पुलिस के बीच बातचीत चल रही है। बिजली निगम की एक टीम एसडीओ अजाज अहमद की अगुवाई में जेई अनिल, जेई ईश्वर, एएलएम जरनैल सिंह, एएलएम जगबीर, मुख्य सिपाही राजबीर तथा चालक बलिंद्र के साथ दोपहर बाद गांव धमतान साहिब में बिजली चोरी पकड़ने के लिए पहुंची थी।
बिजली गिनम के अधिकारियों का आरोप है कि गांव में बिजली चोरी की जांच कर रही टीम की गाड़ी की चाबी निकालकर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया व विभाग की टीम के साथ की हाथापाई शुरू कर दी। एसडीओ ने बताया कि 50-60 लोगों ने उनके साथ गाड़ी में ही हाथापाई शुरू कर दी।
इसके बाद उनके गाड़ी से उतार लिया और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान जेई अनिल कुमार बेहोश हो गए। उनकी पीठ में काफी चोट आई। चालक बलिंद ने अनिल जेई को लोगों के बीच से बड़ी मुश्किल से गाड़ी में बिठाया और नरवाना के नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया।
हमले में एसडीओ को भी काफी चोट आई। एएलएम जरनैल सिंह वहां से निकल भागे और अपने आपको एक कमरे में बंद कर लिया। बाद में पुलिस गांव में पहुंची और जरनैल सिंह को निकालकर लाई। एसडीओ ने कहा कि वह अपनी मर्जी से बिजली चोरी पकड़ने नहीं जाते बल्कि सरकार की तरफ से उनको आदेश मिलते हैं। ग्रामीण इस बात को नहीं समझते और आए दिन हमले करते रहते हैं।