बंदूक के बल पर बाइक सवार से छीने पांच हजार रुपये और मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। मंगलवार देर सायं मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहे दुकानदार से मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। वरदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बुढ़ाखेड़ा गांव के धीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने जुलाना में तंबाकू की दुकान है। मंगलवार देर सायं वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव में जा रहा था। जब वह बाईपास के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवा ली। तीनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। पिस्तौल दिखकार उन्होंने उससे पांच हजार रुपये, मोबाइल और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली और फरार हो गए। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।