लिफ्ट लेकर दो युवकों ने बाइक सवार को मार गोली, गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। गांव ऐंचरा कलां मोड़ के पास दो युवकों द्वारा एक बाइक चालक से लिफ्ट लेकर उसे गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उसके परिजन पीजीआई खानपुर भर्ती करवाया गया है। बाइक चालक युवक को गोली क्यों मारी, इस बात का कोई खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार गांव गंगाना (सोनीपत) का दीपक देर शाम पानीपत से बाइक पर गोहाना मार्ग से होकर जा रहा था। पाथरी के पास दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी। बाइक चालक दीपक ने उन दोनों युवकों को लिफ्ट दे दी और जैसे ही उसकी बाइक ऐंचरा कलां गांव के मोड़ के पास पहुंची तो उन युवकों ने उसे गोली मार दी। इस घटना में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर दीपक व उसकी मोटरसाइकिल को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। गोली चलने की बात का पता चलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना सफीदों पुलिस व परिजनों को दी। सूचना पाकर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने दीपक को मेडिकल कॉलेज खानपुर भर्ती करवाया। पुलिस ने मौके से बाइक को अपने कब्जे में लिया। इसके अलावा पुलिस को मौके से गोली का खोल भी बरामद हुआ है। सफीदों पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।