अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव देवरड़ में शराब ठेकेदारों ने युवक का अपहरण करके पिटाई कर दी। परिजनों ने जब युवक को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने शराब ठेकेदार सहित तीन को नामजद करके 10-12 अन्य के खिलाफ अपहरण करने और मारपीट करने का केस दर्ज किया है। गांव देवरड़ निवासी राजेश ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जून की शाम को शराब ठेकेदार गांव करसोला निवासी पवन, करसोला निवासी गौतम, जुलाना निवासी सेठी अपने 10-12 साथियों के साथ आए और उसके बेटे संजय का अपहरण कर लिया। बाद में आरोपियों ने उसकी लाठी और डंडों से पिटाई की। जब उन्होंने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला कर दिया। हमले में सभी लोगों को गंभीर चोट आई। बाद में आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शराब ठेकेदार गांव करसोला निवासी पवन, करसोला निवासी गौतम, जुलाना निवासी सेठी को नामजद करके 10-12 अन्य के खिलाफ अपहरण करने, मारपीट और धमकी देेने का केस दर्ज किया है।
शराब ठेकेदारों ने युवक का अपहरण कर पीटा
शराब ठेकेदार सहित तीन नामजद 10-12 अन्य के खिलाफ केस दर्ज