अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। गांव शामलो कलां में अपनी दुकान पर बैठे एक युवक पर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने फायरिंग कर दी। निशाना चूक जाने के कारण गोली इंर्वटर की बैटरी में जा लगी। दुकान पर बैठा युवक बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव शामलो कलां निवासी रामेश्वर मलिक गांव के बीच में स्थित मार्केट के अंदर दवाइयों की दुकान है। शुक्रवार देर शाम को वह दुकान पर बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश युवक आए और अपने पास मौजूद असलाह से दुकान के अंदर फायरिंग कर दी। लेकिन निशाना चूक जाने के कारण गोली रामेश्वर मलिक की बजाए दुकान के अंदर रखी इंर्वटर की बैटरी में जा लगी। गोली चलने की आवास सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना पाकर गतौली चौकी इंचार्ज बिजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी कैमरे में तस्वीरें कैद
बदमाश जिस मोटरसाइकिल पर सवार होकर युवक को गोली मारने आए तो उसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। -बिजेंद्र सिंह, गतौली चौकी प्रभारी।
बाइक सवार नकाबपोशों ने दुकानदार पर की फायरिंग
निशाना चूका, गोली इंवर्टर की बैटरी में धंसी