अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
गोसांईखेड़ा निवासी अजय परिजनों सहित शनिवार को डीसी कार्यालय पहुंचा। ज्ञापन के माध्यम से अजय ने शिकायत दी कि गांव के ही प्रवीण, तरसेम व राजूूू ने रंजिश के चलते उस पर उनकी लड़की से प्रेम पत्र देकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर जानवरों की तरह पिटाई की। अजय ने कहा कि वह अनपढ़ है व मजदूरी करता है। प्रवीण, राजू व तरसेम शुक्रवार को उसे जबरदस्ती अपने घर में उठा ले गए और प्रवीण व उसके परिजनों ने चक्की के पट्टे व राड से उसे जानवरों की तरह पीटा। अजय का शोर सुनकर उसके परिजनों ने अजय को छुड़वाया। अजय ने कहा कि उसने हमलावरों की शिकायत गतौली चौकी में भी दर्ज करवाई, लेकिन गतौली चौकी में पुलिस प्रशासन ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद अजय व उसके परिजन प्रवीण, तरसेम व उसके परिजनों के खिलाफ शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय जींद पहुंचे। एसएसपी ने मामले की जांच करते हुए अजय व उसके परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।