15 मिनट के अंदर चोरों ने उड़ाए दस लाख रुपये और दस तोले सोना
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। बीरबल नगर स्थित एक मकान से सोमवार दोपहर चोरों ने दस लाख रुपये और दस तोले सोना चोरी कर लिया। शहर पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी की सूचना मिलते ही डीएसपी कुलवंत बिश्नोई सहित शहर थाना इंचार्ज सुरेश कुमार और एएसआई श्रवण कुमार मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने का बाद फिंगर प्रिंट की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह बीरबल नगर स्थित विनोद की पत्नी मोना दुकान पर गई हुई थी। उसे दुकान पर आए 15 मिनट ही हुए थे कि लड़की स्कूल से घर पहुंच गई। उसने देखा की अलमारी खुली पड़ी है। उसने दुकान पर जाकर अपने माता-पिता को बताया। चोरों ने मात्र 15 मिनट में ही घर में रखी अलमारी की सेफ को खोलकर दस लाख रुपये, दस तोले सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक विनोद कुमार ने बताया कि उसने प्लाट बेचकर मकान लेने के लिए दस लाख रुपये इकट्ठे किए थे। रुपये कमरे में रखी अलमारी में रखे थे। कमरे को ताला नहीं लगा था। अलमारी की चाबी कमरे में रखी हुई थी। ताला खोलकर नगदी और जेवर को चोरी किया गया है। विनोद बीरबल नगर में ड्राई क्लीन कपड़े प्रेस करने का काम करता है।